21 जुलाई: जिला परिषद कांगड़ा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को धर्मशाला स्थित जिला परिषद सभागार में चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए। वार्ड-8 (कल्याड़ा) से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य सीमा देवी को जिला परिषद कांगड़ा का अध्यक्ष तथा वार्ड-53 (शेखुपुरा) से निर्वाचित सदस्य अभिमन्यु कंवर को उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
जिला परिषद के कुल 54 सदस्यों में से 39 सदस्य चुनाव प्रक्रिया में शामिल हुए। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त होने के कारण दोनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा देवी और उपाध्यक्ष अभिमन्यु कंवर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने दोनों जनप्रतिनिधियों सहित सभी जिला परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।