21 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने गगल में कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि नए गगल के निर्माण के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह लगातार विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना से प्रभावित 3,655 परिवारों को करीब 2,580 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना है, जिसमें से अब तक 2,232 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा राहत एवं पुनर्वास के तहत प्रभावित परिवारों को 128 करोड़ रुपये की राशि भी प्रदान की गई है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश हैं कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा मिले। उन्होंने बताया कि सरकार ने उन पात्र परिवारों को भी राहत देने का निर्णय लिया है, जिनके नाम निजी भूमि नहीं थी और जो सरकारी भूमि पर रह रहे थे।
उन्होंने प्रदेश के सभी लोकसभा सांसदों से भी आग्रह किया कि गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण से प्रभावित परिवारों को अधिक मुआवजा दिलाने के लिए इस मुद्दे को लोकसभा में मजबूती से उठाएं।
इस दौरान एपीएमसी चेयरमैन निशु मोंगरा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभावित परिवारों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।