21 जुलाई: जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा हेमराज बैरवा ने पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले के सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे, लेकिन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की निर्धारित परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 20 और 21 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट तथा भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर एहतियातन सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एचपीयू और इग्नू की परीक्षाओं के आयोजन की अनुमति दी गई है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई 2026 को जारी आदेश की अन्य सभी शर्तें और प्रतिबंध पहले की तरह लागू रहेंगे।