20 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में सोमवार को कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें वन विभाग में सहायक वन रक्षकों की भर्ती एवं पदोन्नति (आरएंडपी) नियम, अलग कैडर के गठन और सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रमुख एजेंडा रहेंगे।
राज्य सरकार पहले ही वन विभाग में 500 वन रक्षकों के पद समाप्त कर उनकी जगह 500 सहायक वन रक्षक (असिस्टेंट फॉरेस्ट गार्ड) के पद सृजित करने को मंजूरी दे चुकी है। अब भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के साथ सहायक वन रक्षकों के लिए अलग कैडर बनाने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट के समक्ष रखा जा सकता है।
प्रस्ताव के अनुसार, नए कैडर में चयनित सहायक वन रक्षकों को आठ वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद वन रक्षक के पद पर पदोन्नति का अवसर मिलेगा।
वहीं, प्रदेश के 145 सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति का मामला भी सोमवार की कैबिनेट बैठक में निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकता है। लंबे समय से लंबित इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे में सहायक वन रक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों के साथ-साथ सीबीएसई सब-कैडर के चयनित शिक्षक भी कैबिनेट बैठक के फैसलों का इंतजार कर रहे हैं।