20 जुलाई: नगर पंचायत करसोग के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को आयोजित किया गया। उपमंडलाधिकारी (ना.) करसोग अलीशा चौहान ने दोनों पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में किशोर कुमार ने नगर पंचायत अध्यक्ष तथा उत्तम चंद ने उपाध्यक्ष के रूप में विधिवत शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर नगर पंचायत के सभी पार्षद भी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम अलीशा चौहान ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि नगर पंचायत करसोग के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पंचायत को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
समारोह में नगर पंचायत सचिव हिमेश कुमार पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।