18 जुलाई: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में महिलाओं के लिए आयोजित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कोर्स के दौरान शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी एवं टीबी उन्मूलन अभियान के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने प्रतिभागियों को एचआईवी-एड्स, टीबी, हैपेटाइटिस सहित अन्य संक्रामक रोगों के कारण, बचाव और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डॉ. सुनील वर्मा ने बताया कि ब्यूटी पार्लर में कार्य के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्लर में उपयोग होने वाले तीखे औजारों और ग्राहकों के साथ निकट संपर्क के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। ऐसे में सुरक्षा किट का उपयोग, उपकरणों की नियमित सफाई और स्वच्छता संबंधी सभी सावधानियों का पालन करना जरूरी है, ताकि संचालकों और ग्राहकों दोनों को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम के दौरान आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने डॉ. सुनील वर्मा का स्वागत किया और संस्थान में संचालित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कोर्स की जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के जागरूकता सत्र प्रतिभागियों को सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।