18 जुलाई: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए), हमीरपुर ने शिक्षक (राजनीति शास्त्र) और शिक्षक (ड्राइंग) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार दोनों पदों की परीक्षा 29 जुलाई, 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक (राजनीति शास्त्र) (पोस्ट कोड-26028) की परीक्षा दो चरणों में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं शिक्षक (ड्राइंग) (पोस्ट कोड-26022) की परीक्षा शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक होगी।
आयोग ने बताया कि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने रोल नंबर और प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्र और रोल नंबर की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट, एसएमएस और ई-मेल पर नजर बनाए रखें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवसों में आयोग कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।