18 जुलाई: सिरमौर के नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सोलन में पेशी के बाद एक कैदी और दो पुलिस जवानों को लेकर नाहन लौट रही एक निजी गाड़ी ने निहोग के समीप सड़क किनारे बैठी महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान बाला देवी (45), पत्नी यशपाल, निवासी गांव निहोग, तहसील नाहन के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोलन में कैदी की पेशी के बाद दोनों पुलिस जवान उसे निजी गाड़ी से सैंट्रल जेल नाहन लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान निहोग के पास यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद कैदी को सुरक्षित सैंट्रल जेल नाहन पहुंचा दिया गया, जबकि दोनों पुलिस जवानों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए, जहां कुछ समय के लिए आक्रोश का माहौल रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच कर रही है।