18 जुलाई: जिला रैडक्रॉस सोसाइटी हमीरपुर और उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी बड़सर की ओर से शनिवार को मिनी सचिवालय परिसर के समीप स्थित झुग्गी बस्ती के जरूरतमंद परिवारों और बच्चों को कपड़े व खिलौने वितरित किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने स्वयं लोगों को सामग्री वितरित की।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि कई घरों में अच्छी स्थिति में होने के बावजूद कपड़े और खिलौने उपयोग में नहीं आते। इन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने संग्रह अभियान चलाया, जिसमें लोगों ने बड़ी संख्या में कपड़े और खिलौने दान किए। अब इन्हीं वस्तुओं को जरूरतमंद परिवारों और बच्चों में वितरित किया जा रहा है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का आभार भी जताया।
कार्यक्रम में एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग, एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष स्वाति डोगरा, जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसके बाद उपायुक्त ने बड़सर मिनी सचिवालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में संचालित पुस्तकालय का भी दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम स्वाति डोगरा ने उपायुक्त को पुस्तकालय और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।