साच पंचायत में आपत्तिजनक पोस्टर लगाने का मामला, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

18 जुलाई: ग्राम पंचायत साच के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा से मुलाकात कर गांव में अज्ञात लोगों द्वारा लगाए गए कथित आपत्तिजनक पोस्टरों के मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ भाजपा नेता जय सिंह ने किया।

ग्रामीणों ने बताया कि 28 जुलाई 2026 की रात पंचायत के विभिन्न स्थानों पर कथित तौर पर ऐसे पोस्टर लगाए गए, जिनमें जातीय आधार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। उनका आरोप है कि इस कृत्य का उद्देश्य गांव के शांतिपूर्ण माहौल, सामाजिक सौहार्द और विभिन्न समुदायों के बीच वर्षों से बने भाईचारे को नुकसान पहुंचाना है।

ज्ञापन में कहा गया कि पंचायत में सभी समुदाय लंबे समय से आपसी प्रेम और सम्मान के साथ रहते आए हैं तथा इस तरह की घटना पहले कभी सामने नहीं आई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर गांव का माहौल बिगाड़ने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टरों को तुरंत हटाने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहेगी।

इस दौरान ग्राम पंचायत साच की प्रधान दीपिका भारद्वाज, पूर्व प्रधान कुलदीप भारद्वाज, बीडीसी सदस्य देवेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *