18 जुलाई: 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बचत भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को सुबह 11 बजे ऐतिहासिक रिज मैदान में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी (छात्र एवं छात्राएं) तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियां आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत करेंगी। पुलिस और होमगार्ड बैंड भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 11 अगस्त से शुरू होगा।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी जिला लोक संपर्क अधिकारी और जिला भाषा अधिकारी को सौंपी गई है। कार्यक्रम में देशभक्ति और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आमंत्रण पत्रों की छपाई और वितरण का कार्य एसी टू डीसी कार्यालय करेगा। यदि समारोह राज्य स्तरीय घोषित होता है तो यह जिम्मेदारी सामान्य प्रशासन विभाग संभालेगा।
रिज मैदान की साफ-सफाई नगर निगम शिमला, ध्वनि व्यवस्था जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय तथा अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एसी टू डीसी कार्यालय करेगा। समारोह के बाद मिठाइयों का वितरण भी नगर निगम द्वारा किया जाएगा।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसका आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में हिमाचल के योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एएसपी गौरवजीत सिंह, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।