17 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी ने ऊना जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण संगठनात्मक फैसला लिया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा विधायक एवं प्रदेश मीडिया विभाग प्रभारी रणधीर शर्मा को चुनाव के लिए विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में प्रदेश कार्यालय से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के संचालन और समन्वय के लिए पहले से नियुक्त वरिष्ठ नेताओं—विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, जिलाध्यक्ष शाम मिन्हास तथा जिला सह प्रभारी विशाल चौहान—के साथ अब रणधीर शर्मा भी विशेष पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निभाएंगे।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन में ऊना जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव संगठनात्मक अनुशासन, समन्वय और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती और सामूहिक नेतृत्व के आधार पर प्रदेश में संगठन को और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की रीति-नीति के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने का आह्वान किया।