17 जुलाई: वन मंडल जोगिंद्रनगर के तहत चल रहे ‘जन-जन का वृक्ष अभियान’ के अंतर्गत लांगणा वन बीट में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना, हरित आवरण बढ़ाना और लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में महिला मंडल जरेहड़, लंगारा, धुरली और समोन की करीब 70 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आंवला, हरड़, बहेड़ा और जामुन सहित लगभग 150 फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। महिलाओं ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपप्रधान आयुष ठाकुर, विभिन्न महिला मंडलों की प्रधानें तथा वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है और प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।
वन विभाग ने लोगों से अभियान से जुड़ने, अधिक पौधरोपण करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में योगदान देने की अपील की।