17 जुलाई: शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के चनावग में आयोजित पारंपरिक हरशिंग धार मेले में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने क्षेत्र के लिए 5.70 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पटियार-घाटरु-बैरटीनाला वाया सीतरी जांयन संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जूड-खुराना संपर्क सड़क की आधारशिला रखी और 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला जूड (जुडलू) के नए भवन का लोकार्पण किया।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित दोनों संपर्क सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने मेला समिति की विभिन्न मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने हरशिंग धार देवस्थल के समीप एक बड़े सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा भी की।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि चनावग से हरशिंग धार देवस्थल तक मुख्य सड़क की मेटलिंग और टायरिंग का कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के पास बनाए जा रहे बड़े वाहन पार्किंग स्थल का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा जोटरु से गांव तक तथा छामला डोरा से हरशिंग धार तक सड़क निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी परियोजनाओं की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने हरशिंग धार मेले के सफल आयोजन पर मेला समिति को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, महासचिव बेसर दास हरनौट, मेला समिति के प्रधान परसराम वर्मा, महासचिव कृष्ण ठाकुर, बीडीसी सदस्य मेद राम, ग्राम पंचायत चनावग के प्रधान जगदीश चंद वर्मा, उपप्रधान उमा शंकर, अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल, बीडीओ बसंतपुर वीरेंद्र नेगी सहित आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित