हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती: 800 पदों के अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग और शारीरिक प्रशिक्षण

17 जुलाई: प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों की भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने का निर्णय लिया है। इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 9 जुलाई 2026 को विज्ञापन जारी किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में सफल होने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी देना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या भौगोलिक कारण किसी भी योग्य अभ्यर्थी की सफलता में बाधा नहीं बनने दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियां इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संगठित और नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करें। इन कार्यक्रमों में भर्ती प्रक्रिया की जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा का अभ्यास, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, प्रेरक सत्र और चयन प्रक्रिया से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारी एवं प्रशिक्षक मार्गदर्शन देंगे।

सरकार का मानना है कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण, दूर-दराज़ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए लाभदायक साबित होगी, जहां कोचिंग और प्रशिक्षण की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।

हिमाचल पुलिस ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, स्थान, समयसारिणी और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी जल्द जारी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय या पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से जारी होने वाली सूचनाओं पर नियमित नजर रखें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *