17 जुलाई: जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में 23 जुलाई को रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने बताया कि यह साक्षात्कार 23 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय परिसर में एम/एस B4S Solutions प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी के सहयोग से आयोजित होगा। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कंपनी के बद्दी स्थित प्रतिष्ठान में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी आईटीआई फिटर के 10, इलेक्ट्रीशियन के 10, इलेक्ट्रॉनिक्स के 5, मैकेनिकल के 5, टूल एंड डाई मेकर/मशीनिस्ट के 10, टर्नर के 5 तथा इलेक्ट्रिकल के 5 पदों सहित कुल 50 रिक्त पदों पर भर्ती करेगी। इन पदों के लिए संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है तथा पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
राजेश मेहता ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 14,060 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से चाय-नाश्ता, रियायती दर पर भोजन, अर्जित अवकाश (ईएल) का नकदीकरण, दीपावली बोनस तथा पूर्ण उपस्थिति पर 400 रुपये का अटेंडेंस रिवॉर्ड सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दसवीं और संबंधित आईटीआई का प्रमाण-पत्र, दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो, बायोडाटा तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) साथ लाने की अपील की है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष 01978-222450 अथवा नियोक्ता के मोबाइल नंबर 98160-80764 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) या अन्य भुगतान नहीं किया जाएगा।