16 जुलाई: देहरा के मिनी सचिवालय में बुधवार को विधायक कमलेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 35 जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कुल 8.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलने वाली यह आर्थिक सहायता जरूरतमंद परिवारों के लिए कठिन समय में संबल साबित होगी और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेगी। उन्होंने लोगों से प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की भी अपील की।
चेक वितरण के बाद विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन, तहसीलदार कर्म चंद कालिया, नगर परिषद अध्यक्ष निष्ठा चंबयाल, पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा, पूर्व निदेशक दि कांगड़ा राज्य सहकारी बैंक चौधरी सुनील कश्यप, एडवोकेट शालिनी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।