रामपुर में एचआरटीसी बस हादसा: परिचालक समेत दो की मौत, कई यात्री घायल

16 जुलाई: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एचआरटीसी बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा शाम करीब 6:30 बजे रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप हुआ, जब एचआरटीसी की बस (एचपी 06ए 6454) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 22 यात्री सवार थे। दुर्घटना में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी तथा 72 वर्षीय डाकू राम पुत्र कालूराम निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी है। दूसरे मृतक की रिपोर्ट प्राप्त होते ही उनके परिजनों को भी राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

दुर्घटना में घायल यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रशासन की टीम घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *