नगवाईं में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 11.1 ग्राम चिट्टा सहित युवक-युवती गिरफ्तार

15 जुलाई: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडी जिले के पुलिस थाना औट के तहत नगवाईं गांव में एक रिहायशी मकान से 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एसटीएफ कुल्लू को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवाईं स्थित एक मकान में नशीले पदार्थ की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत छापा मारा। तलाशी के दौरान मकान मालिक विवेक कुमार उर्फ कन्नू (27) और किरन निवासी गांव न्यूली, जिला कुल्लू कमरे में मौजूद मिले।

कार्रवाई की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को मौके पर गवाह के रूप में बुलाया। उनकी मौजूदगी में कमरे की तलाशी लेने पर 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना औट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेम राज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बरामद चिट्टे के स्रोत, सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *