बड़सर अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार पर 87.90 लाख खर्च होंगे, आरकेएस बैठक में प्रस्ताव मंजूर

14 जुलाई: सिविल अस्पताल बड़सर में सोमवार को रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक सामुदायिक भवन में एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद टंडन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष की शुरुआत में समिति के पास 9.16 लाख रुपये की शेष राशि थी। वर्ष के दौरान विभिन्न स्रोतों से 83.02 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। इस अवधि में स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों पर 76.02 लाख रुपये खर्च किए गए, जिसके बाद समिति के खाते में 16.16 लाख रुपये शेष हैं।

बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा रोगी कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. ए. गोयल, डॉ. अरविंद टंडन, परमजीत राणा, हरबंस लाल शर्मा, राकेश कुमार, संजय कुमार सहित अन्य सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे।

विचार-विमर्श के बाद समिति ने सर्वसम्मति से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने हेतु विभिन्न मदों पर 87 लाख 90 हजार रुपये खर्च करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। समिति ने विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र के लोगों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *