14 जुलाई: बिलासपुर जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 7.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इन मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में स्वारघाट थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से 1.96 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो बागी-बिनौला, बैरी रजादियां और रघुनाथपुरा (जिला बिलासपुर) के रहने वाले हैं।
दूसरे मामले में भराड़ी थाना पुलिस ने यातायात जांच के दौरान एक टैंपो से 2.02 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में मंडी जिले की बलद्वाड़ा तहसील के खनोट गांव निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
तीसरे मामले में सदर थाना बिलासपुर पुलिस ने गश्त के दौरान एक ट्रक की तलाशी लेकर 3.03 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में ट्रक चालक, जो बिनौला गांव का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी बिलासपुर ने तीनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।