लठियाणी-कोहडरा सड़क पर खर्च होंगे 8 करोड़, विधायक विवेक शर्मा ने किया निरीक्षण

14 जुलाई: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंडल बंगाणा के अधिकारियों के साथ लठियाणी-कोहडरा सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और उन स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां सड़क की हालत खराब है या निर्माण कार्य से पहले सुधार की आवश्यकता है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क के पुनर्निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए। विवेक शर्मा ने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण पर लगभग आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और टिकाऊ सड़क का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।

विधायक ने निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर तकनीकी कमियों की ओर अधिकारियों का ध्यान दिलाया और निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी खामियों को दूर किया जाए।

इसके बाद विधायक विवेक शर्मा ने धतोल और मलांगड़ पंचायत की सीमा पर मुख्य सड़क से डैम तक जाने वाली मलांगड़ लिंक रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क के सुधार और पुनर्निर्माण के लिए जल्द विस्तृत परियोजना (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि धतोल-मलांगड़ लिंक रोड के पुनर्निर्माण, नालियों के निर्माण और अन्य आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *