13 जुलाई : हिमाचल पुलिस के प्रसिद्ध बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी विजय कुमार को पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से आय अर्जित करने के आरोपों के बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विजय कुमार अपने व्यक्तिगत फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित कर रहे थे और इन प्लेटफॉर्म के जरिए आय अर्जित की जा रही थी। इसके आधार पर सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत उन्हें निलंबित किया गया।
मामले की जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है। उन्हें सभी तथ्यों और दस्तावेजों की जांच कर तीन महीने के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सोशल मीडिया गतिविधियां विभागीय नियमों के अनुरूप थीं या नहीं और किसी प्रकार का नियम उल्लंघन हुआ है या नहीं।
‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ हिमाचल पुलिस का प्रतिष्ठित संगीत बैंड है, जिसने देश-विदेश में अपनी प्रस्तुतियों से प्रदेश और पुलिस विभाग को पहचान दिलाई है। ऐसे में इसके प्रभारी के निलंबन की कार्रवाई पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक आरोपों के आधार पर की गई है। विभागीय जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई या अंतिम निर्णय लिया जाएगा।