स्वास्थ्य विभाग में 105 और पदों पर भर्ती, 25 जुलाई तक करें आवेदन

13 जुलाई: प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से राज्य चयन आयोग ने चिकित्सा क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट के 60, रेडियोग्राफर के 30 और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन (एमएलटी ग्रेड-2) के 15 पद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएंगी।

ये 105 पद आयोग द्वारा 28 फरवरी, 2026 को विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत जारी 196 पदों के अतिरिक्त हैं। इससे पहले जारी विज्ञापन में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008) के 176, रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) के 10 और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन एमएलटी ग्रेड-2 (पोस्ट कोड-26012) के 10 पद शामिल थे। इसके बाद 30 मार्च, 2026 को जारी परिशिष्ट के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों के 18 अतिरिक्त पद भी जोड़े गए थे। अब नए 105 पदों को भी मूल विज्ञापन और परिशिष्ट के साथ सम्मिलित किया गया है।

आयोग ने तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 11 जुलाई से 25 जुलाई, 2026 तक दोबारा खोल दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई, 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने 28 फरवरी, 2026 के मूल विज्ञापन या 30 मार्च, 2026 के परिशिष्ट के तहत पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *