हमीरपुर में एनसीसी कैडेटों का शानदार एयर शो, खुद बनाए ड्रोन और आरसी विमान ने बिखेरा जलवा

13 जुलाई: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) के दौरान कैडेटों ने एयरोमॉडलिंग का रोमांचक प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।

1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर एवं शिविर कमांडेंट विंग कमांडर कुणाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जूनियर डिवीजन के कैडेटों ने विभिन्न प्रकार के स्टैटिक एयरोमॉडल्स की प्रदर्शनी लगाई। इसमें डीएवी मंडी, डीएवी मौहल, केंद्रीय विद्यालय रामशिला, डीएवी लक्कड़ बाजार (शिमला), डीएवी मनाली, सीआईएस कुल्लू और एलएमएस कलैहली के कैडेटों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा और नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

वहीं, गवर्नमेंट कॉलेज कुल्लू और आईआईटी मंडी के सीनियर डिवीजन कैडेटों ने कंट्रोल लाइन एयरक्राफ्ट मॉडल का सफल प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कैडेटों द्वारा स्वयं तैयार किए गए ड्रोन और रेडियो नियंत्रित (आरसी) विमान का रोमांचक हवाई प्रदर्शन रहा, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

एयरोमॉडलिंग प्रशिक्षक रेशमा के तकनीकी निर्देशन में आयोजित इस एयर शो की अधिकारियों और अतिथियों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, विमानन, नवाचार और तकनीकी कौशल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी निखारती हैं।

कार्यक्रम में फ्लाइंग ऑफिसर निश्छल शर्मा, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन, एयरोमॉडलिंग प्रशिक्षक रेशमा, पीआई स्टाफ, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी और केयरटेकर अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने कहा कि यह आयोजन एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को साकार करने वाला रहा। इससे कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल, नवाचार और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूती मिली।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *