13 जुलाई: जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला शिक्षिका सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी ने भी अपनी जान गंवा दी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सराहां बस स्टैंड से करीब 100 मीटर आगे उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई में गिरी कार से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में 48 वर्षीय रीना शर्मा, पत्नी राम लाल, निवासी धरगौण प्लासो, तहसील सराहां तथा कार चालक 65 वर्षीय अधिकारी जेटली, पुत्र रमाकांत शंकर जेटली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली, पत्नी अधिकारी जेटली को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल यशस्वी जेटली, पुत्र अधिकारी जेटली का नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी चारों लोग सराहां क्षेत्र के निवासी थे। मृतक रीना शर्मा शिक्षा विभाग में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पच्छाद प्रशासन के अनुसार यह हादसा रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये तथा घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। पुलिस और प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटे हुए हैं।