कुल्लू में दर्दनाक हादसा: बोलेरो कैंपर की टक्कर से 3 वर्षीय मासूम की मौत, चालक गिरफ्तार

13 जुलाई: कुल्लू जिला के नशाला गांव में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजे नशाला निवासी तीन वर्षीय ध्यान्बी सड़क किनारे जा रही थी। इसी दौरान जाना गांव की ओर से आ रही बोलेरो कैंपर (एचपी 34एफ-3597) के चालक ने कथित रूप से गलत दिशा में वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से नशाला गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *