11 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब सड़क संपर्क पर भी पड़ने लगा है। शुक्रवार देर रात पर्यटन स्थल सांगला में टोंटोंचे नाला के पास बस स्टैंड के समीप स्थित करीब 200 फुट लंबा वैली पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण टोंटोंचे नाला का जल स्तर काफी बढ़ गया। तेज बहाव से पुल के आसपास भारी भूमि कटान हुआ, जिसके चलते पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
यह सड़क मार्ग बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के अधीन है। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर सभी छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी और यातायात को तत्काल वैकल्पिक मार्ग से संचालित करना शुरू कर दिया है। संबंधित विभाग की ओर से पुल की स्थिति का आकलन कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।