11 जुलाई: बिलासपुर पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार असर दिखा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान के निर्देशन में घुमारवीं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 44.7 ग्राम चरस और 81.4 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घुमारवीं पुलिस की टीम पल्थी फोरलेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 44.7 ग्राम चरस और 81.4 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार को कब्जे में लेकर उसमें सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर निवासी द्रोबड़ (तहसील सदर), कैलाश निवासी बैहना जट्टां (तहसील झंडूता), गुरप्रीत सिंह उर्फ गोगी निवासी बैरी दड़ोला (तहसील झंडूता) और अरुण कुमार निवासी बैहना जट्टां (तहसील झंडूता) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस थाना घुमारवीं में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किस नेटवर्क के जरिए आगे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।