11 जुलाई: अगर आपके पास भी कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की लॉटरी या बड़ी रकम मिलने का मैसेज आए, तो सतर्क हो जाएं। ऊना जिले में साइबर ठगों ने केबीसी अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से 8.54 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऊना जिले के नंगल सलांगड़ी निवासी विजय कुमार को व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबरों से कॉल और मैसेज आए। ठगों ने खुद को केबीसी का अधिकारी बताकर कहा कि उनके नाम बड़ी राशि पेंडिंग है, जिसे जारी करने के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
शातिरों ने फॉर्मेलिटी फीस, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर विजय कुमार से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 8,54,201 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने कॉल और व्हाट्सएप पर जवाब देना बंद कर दिया। तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।