कांगड़ा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

11 जुलाई: कांगड़ा जिले के पुलिस थाना जवाली क्षेत्र के तहत पंचायत पनालथ के गांव देहरी निवासी सुनील कुमार उर्फ नोखा की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुनील कुमार अपने घर के पास जंगल में जोर-जोर से चिल्लाता हुआ मिला। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे बेसुध हालत में चारपाई के सहारे सड़क तक लेकर आए।

इसी दौरान जरोट निवासी लापता साहिल कुमार का शव भी बरामद हुआ, जिसके बाद मृतक साहिल के परिजनों ने सुनील कुमार और उसके कुछ रिश्तेदारों पर हत्या का शक जताते हुए उसे अस्पताल ले जाने का विरोध किया। सूचना मिलते ही डीएसपी जवाली वीरी सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर सुनील कुमार को सिविल अस्पताल जवाली पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।

शनिवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान सुनील कुमार की मौत हो गई। डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *