भारी बारिश के चलते सिरमौर में आज सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद

10 जुलाई: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए सिरमौर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों की कई सड़कें प्रभावित हुई हैं तथा भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे हालात में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पांवटा उपमंडल में गुरुवार रात ही शिक्षण संस्थानों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए थे। इसके बाद शुक्रवार तड़के नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ उपमंडलों में भी स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए।

मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन ने भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ गिरने और सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत जारी आदेशों के अनुसार 10 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि, सभी शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार बारिश का असर शिमला में भी देखने को मिला। विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत की सुरक्षा दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि सिरमौर जिले में भी कई सड़कें भूस्खलन और मलबा आने के कारण बंद हो गई हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *