बुलेट के पटाखेदार साइलेंसर का शौक पड़ा महंगा, ऊना पुलिस ने ठोका 10 हजार का चालान

9 जुलाई: बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज धमाकेदार आवाज निकालने वालों के खिलाफ ऊना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बुलेट चालक का 10 हजार रुपये का चालान किया और बाइक में लगाया गया अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटवा दिया।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार होकर साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाजें निकालते नजर आ रहे थे। इन तेज धमाकों से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी और ध्वनि प्रदूषण भी फैल रहा था। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही बुलेट मोटरसाइकिल की पहचान कर चालक तक पहुंच बनाई। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक के खिलाफ 10 हजार रुपये का चालान किया गया। साथ ही बाइक में अवैध रूप से लगाया गया मॉडिफाइड साइलेंसर भी मौके पर ही हटवा दिया गया, ताकि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न हो।

एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करना कानूनन अपराध है। तेज आवाज वाले साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आम लोगों की शांति भंग करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध बदलाव न करवाएं। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति मॉडिफाइड साइलेंसर, स्टंटबाजी या यातायात नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *