हमीरपुर के अणु में सोलर रूफटॉप योजना के लिए जागरूकता शिविर, 15 अक्तूबर तक होगा आयोजन

14 अक्तूबर: घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर की ओर से अणु स्थित विद्युत विश्राम गृह में तीन दिवसीय जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को शिविर के पहले दिन बिजली बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजना के लाभों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।

सहायक अधिशाषी अभियंता सौरभ राय ने बताया कि शिविर के दौरान लोगों को घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, सरकार की ओर से दी जाने वाली सब्सिडी और पंजीकरण संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयंत्र की उपयुक्त क्षमता, अनुमानित लागत, अधिकृत विक्रेताओं और योजना के तहत उपलब्ध बैंक ऋण सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

उन्होंने बताया कि शिविर में पहुंचे लोगों को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने के साथ ही पंजीकरण और आवेदन करने में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।

सौरभ राय ने बताया कि यह शिविर 14 और 15 अक्तूबर को भी जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से शिविर में पहुंचकर सोलर रूफटॉप योजना की जानकारी लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *