14 अक्तूबर: बद्दी की कंपनी माइक्रो सीमलैस में जूनियर इंजीनियर और ट्रेनी जूनियर इंजीनियर के 30 पदों को भरने के लिए 15 अक्तूबर को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। यह साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए इलेक्ट्रिकल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक अथवा डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए 25 से 40 वर्ष की आयु के फ्रेशर पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 16 हजार से 17 हजार रुपये तक मासिक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों का कार्यस्थल बद्दी के समीप औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला रहेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि निर्धारित योग्यता रखने वाले और किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवा साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा।
भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।