दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता की मौत, ऊना में मायके पक्ष ने ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप

9 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सीमा देवी निवासी नंगल (पंजाब) के रूप में हुई है। सीमा का विवाह वर्ष 2017 में ऊना जिले के चताड़ा निवासी अश्विनी कुमार के साथ हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के समय कार देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और विवाह के बाद लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर सीमा के साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर सीमा ने 7 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *