राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी 18 से 21 अक्तूबर तक पांगी के प्रवास पर, किलाड़ में करेंगे ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता

14 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी 18 से 21 अक्तूबर तक चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी के चार दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह घाटी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा सरकारी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।

मंत्री जगत सिंह नेगी 18 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पुर्थी पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सेचू में जनसमस्याओं का निवारण करेंगे। शाम 4 बजे उनके पांगी मुख्यालय किलाड़ पहुंचने का कार्यक्रम है। पहली रात वह किलाड़ स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में ठहरेंगे।

प्रवास के दूसरे दिन 19 अक्तूबर को मंत्री सुबह 11 बजे किलाड़ में आयोजित होने वाले ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे वह किलाड़ में परियोजना सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसी दिन वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत भी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

20 अक्तूबर को मंत्री सुबह 11 बजे धरवास स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह धरवास में आयोजित किसान मेले की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। शाम 6 बजे वह शौर पहुंचेंगे और वहां वन विभाग के विश्राम गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

प्रवास के अंतिम दिन 21 अक्तूबर को सुबह 9 बजे मंत्री जगत सिंह नेगी शौर से कुल्लू के लिए रवाना होंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *