9 जुलाई: महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्राहल में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) बालम राम वर्मा ने की।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक राहुल ठाकुर ने छात्राओं को करियर काउंसिलिंग, उच्च शिक्षा के अवसरों और विभिन्न रोजगार विकल्पों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रंजना ने व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीडीपीओ बालम राम वर्मा ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाना विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बेटी है अनमोल योजना, मदर टेरेसा योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना तथा महिला स्वयं रोजगार योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य और लाभों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य हरी सिंह, शिक्षकगण, विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।