लंबित मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे दृष्टिबाधित, ओकओवर जाने से रोके जाने पर दिया धरना

9 जुलाई: प्रदेश की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बुधवार को ब्लाइंड पर्सन एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में दृष्टिबाधित शिमला की सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन छोटा शिमला के पास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए बैरिकेड्स लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वहीं धरना शुरू कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। उनका कहना है कि बार-बार अनदेखी किए जाने के कारण उन्हें मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ा है। उन्होंने सरकार से जल्द टेबल टॉक आयोजित कर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी जायज मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दूसरी ओर, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन ने छोटा शिमला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। प्रदर्शनकारियों को ओकओवर की ओर बढ़ने से रोक दिया गया, लेकिन पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शनकारी सरकार से वार्ता का निमंत्रण मिलने की उम्मीद में धरने पर डटे रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *