9 जुलाई: मुबारिकपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बुधवार सुबह झंगोली के समीप बेसहारा पशुओं के अचानक सड़क पर आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में दिल्ली के बदरपुर से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। वहीं, ट्रक चालक सुरक्षित बच गया। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे बदरपुर (दिल्ली) से एक परिवार कार में सवार होकर चिंतपूर्णी मंदिर जा रहा था। झंगोली के पास अचानक कुछ बेसहारा पशु सड़क पर आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में मुबारिकपुर की ओर से तार लेकर जा रहे ट्रक और सामने से आ रही कार के चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठे, जिससे दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
हादसे में सुनील कुमार (52), विपिन कुमार (33), बृज किशोर (30), उनकी पत्नी मोनिका (26), बेटी रक्षिता (4), बेटा जगमोहन (करीब ढाई वर्ष) और दो वर्षीय आराध्या घायल हो गए। सभी घायल बदरपुर (दिल्ली) के निवासी हैं। वहीं ट्रक चालक राहुल (25), निवासी रियोर, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी सुरक्षित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया और किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके चलते इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अम्ब-मुबारिकपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बेसहारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क पर अचानक पशुओं के आ जाने से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा