युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर, माय भारत समिति की बैठक संपन्न

8 जुलाई: माय भारत की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल, नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों और समाज सेवा से जोड़ना पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकते हैं।

बैठक में बताया गया कि जिला प्रशासन के एंटी चिट्टा अभियान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, आपदा प्रबंधन और अन्य सामाजिक गतिविधियों में माय भारत के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इससे युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

विनय कुमार ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किए गए माय भारत पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा ऑनलाइन पंजीकरण कर विभिन्न प्रशिक्षण, कौशल विकास, नेतृत्व विकास और स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़ सकते हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग और सभी शिक्षण संस्थानों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने तथा प्रत्येक संस्थान में माय भारत नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी विभाग अपने कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए माय भारत के स्वयंसेवकों, युवा क्लबों और अन्य युवा संगठनों का सहयोग लें।

बैठक के दौरान माय भारत के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि जिले में माय भारत के तहत 12,456 युवा पंजीकृत हैं। इसके अलावा माय भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 30,027, एनसीसी के 3,711, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 265 तथा अन्य श्रेणियों के 17,916 युवा विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सभी विभागों से इन युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का उपयोग जनहित एवं सामाजिक विकास के अभियानों में करने का आग्रह किया।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित एनसीसी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भाषा और कल्याण विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *