8 जुलाई: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को स्थानीय अदालत के आदेश पर बुधवार को 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे जिला जेल से अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। विशेष अदालत (भ्रष्टाचार निवारण) के आदेश के अनुसार रिमांड की अवधि बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हुई।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए नए साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही उनकी निशानदेही पर उन स्थानों की भी तलाशी ली जा सकती है, जहां चोरी की गई नकदी और अन्य सामान छिपाए जाने की आशंका है।
अभियोजन पक्ष ने अदालत से पुलिस रिमांड की मांग यह कहते हुए की थी कि मामले में पहले गिरफ्तार अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्यों का सत्यापन करना और तीनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ करना आवश्यक है।
इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सबसे पहले मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। अब तक एसआईटी की शुरुआती जांच के आधार पर कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्रारंभिक जांच में करीब 40 दिनों के दौरान चोरी की लगभग 70 संदिग्ध घटनाओं की पहचान की गई है। जांच एजेंसियां आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ मंदिर में चढ़ावे की गिनती और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित प्रक्रियागत खामियों की भी गहन जांच कर रही हैं।