26 जनवरी: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेशभर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बर्फ जमने और सड़कों के बंद रहने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सेवाएं लगातार तीसरे दिन भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकीं।
बर्फबारी के चलते प्रदेश में कुल 592 रूटों पर बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं, जबकि 187 रूटों पर एचआरटीसी की बसें विभिन्न स्थानों पर फंसी रहीं। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रविवार को मौसम में आंशिक सुधार के बाद प्रशासन द्वारा सड़क बहाली कार्य तेज किया गया। कुल्लू, शिमला, मंडी, कांगड़ा और चंबा जिलों में कई प्रमुख मार्गों को आंशिक रूप से बहाल किया गया, जिसके बाद फंसी हुई बसों को सुरक्षित तरीके से संबंधित डिपुओं तक पहुंचाया गया।
एचआरटीसी प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित डिपो या निगम की सूचना सेवा से बस संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।