हामटा पास की कठिन चुनौती फतह, शाश्वत राव बने हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट 2026 के चैंपियन

7 जुलाई: कर्नाटक के शाश्वत राव ने 39 किलोमीटर हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने 14,190 फीट ऊंचे हामटा पास को पार करते हुए छत्तड़ू से मनाली तक की चुनौतीपूर्ण दौड़ महज पांच घंटे 10 मिनट में पूरी की। पार्थ जोशी सात घंटे 22 मिनट के समय के साथ दूसरे और गुजरात के निशाद नौ घंटे 23 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में मनाली की नताशा महर ने पहला स्थान हासिल किया। वह इस श्रेणी की एकमात्र प्रतिभागी थीं और उन्होंने सात घंटे 42 मिनट में दौड़ पूरी की।

हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन के आयोजक प्रवीण सूद पिंटू ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में हिमाचल पर्यटन, कुल्लू जिला प्रशासन और अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स का विशेष सहयोग रहा। एसडीएम मनाली गुनजीत चीमा ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए आयोजन की सराहना की। आपातकालीन चिकित्सा सहायता रैपिड टैक्टिकल टीम ने उपलब्ध कराई, जबकि एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन मनाली की माउंटेन सर्च एंड रेस्क्यू टीमें पूरे रूट पर तैनात रहीं। इस प्रतियोगिता में देशभर के 35 प्रोफेशनल एथलीटों ने हिस्सा लिया।

पांच किलोमीटर वर्टिकल दौड़ में सुमित ने एक घंटा एक मिनट का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। पार्थ जोशी एक घंटा दो मिनट के साथ दूसरे और निशाद समान समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, 18 किलोमीटर लंबी छीका जोबड़ी दौड़ में दिल्ली के सचिन शर्मा और मनाली के सुमित मालिक संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे। दोनों ने दो घंटे 48 मिनट में दौड़ पूरी की। तनवेश सिंह तीन घंटे 28 मिनट के साथ दूसरे और नग्गर के वैभव पुरोहित तीन घंटे 34 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में शिवी ने तीन घंटे 34 मिनट के समय के साथ पहला, सीमा ने चार घंटे 45 मिनट में दूसरा और आर्या ने पांच घंटे चार मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *