7 जुलाई: जिला परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव सोमवार को जिला परिषद सभागार में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ की मौजूदगी में पूरी कराई गई।
चुनाव में वार्ड-9 धमरोल से निर्वाचित भाजपा समर्थित सदस्य अनीता शर्मा को सर्वसम्मति से जिला परिषद अध्यक्ष चुना गया। वहीं, वार्ड-12 करेर से निर्वाचित सदस्य गुरदीप सिंह को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला परिषद के सभी निर्वाचित सदस्य, परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक कुमार गर्ग, जिला पंचायत अधिकारी एवं परिषद की सचिव बबीता गुलेरिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।