2 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। उदयपुर उपमंडल की म्याड़ घाटी में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के एक परिचालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ज्ञान सिंह के रूप में हुई है, जो मंडी जिले की जोगिंद्रनगर तहसील के लडभड़ोल गांव के निवासी थे और एचआरटीसी के केलांग डिपो में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह धोन्दल नाले के समीप हुआ। ज्ञान सिंह ड्यूटी के दौरान सड़क किनारे हाथ-मुंह धो रहे थे। इसी दौरान ऊपर पहाड़ी से अचानक एक पत्थर गिरा, जो सीधे उनके सिर पर आ लगा। पत्थर लगने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए केलांग अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पहाड़ी से गिरे पत्थर की वजह से ज्ञान सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई।
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग को पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है।