30 जून : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लापता 25 वर्षीय युवती का शव सोमवार को चमेरा-तीन डैम से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतका की पहचान भरमौर क्षेत्र की ग्राम पंचायत तागी के जडोथा गांव निवासी 25 वर्षीय बबीता देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बबीता 22 जून की सुबह किसी निजी काम से घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस चौकी गैहरा में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
सोमवार को पुलिस को चमेरा-तीन डैम में एक युवती का शव तैरता हुआ दिखाई देने की सूचना मिली। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को डैम से बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान बबीता देवी के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने की है।