30 जून : उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान उड़ा रही 27 वर्षीय महिला ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया। दुर्घटना पुलिस लाइन के पीछे छह-लेन हाईवे के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
घायल पायलट की पहचान मुंबई निवासी कायनात, पुत्री कादरखान, के रूप में हुई है। वह अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन की फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रही थीं। सोमवार दोपहर उन्होंने धनीपुर हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। विमान में वह अकेली थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उड़ान के दौरान अचानक विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह बिजली के तारों से टकराने के बाद बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे गिर गया। हादसे में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पायलट को विमान से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।
पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।