30 जून : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस के अनुसार, सागर (5), रानी (9) और श्रद्धा (12) आम बीनने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान बैल चरा रहे राम साय (36) भी वहां पहुंच गए। अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से चारों इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में सागर, रानी और राम साय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, रायगढ़ जिले में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो जाएगा। साथ ही कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।