30 जून : शिमला के संजौली में हुए चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। निजी स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या की साजिश कथित तौर पर उनके सगे भाई ने ही अपने बिजनेस पार्टनर के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मामले में मृतका के भाई हिमांक मित्तल और उसके कारोबारी सहयोगी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि हिमांक मित्तल ने अपने बिजनेस पार्टनर गोविंद के साथ मिलकर वारदात की पूरी योजना बनाई। गोविंद ने कथित तौर पर शूटरों को वाहन उपलब्ध करवाया और उन्हें हत्या को अंजाम देने के लिए शिमला भेजा।
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद गोविंद विदेश फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले संजौली पुलिस इस मामले में दो शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
शिमला की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर कंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गोविंद को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं मुख्य आरोपी हिमांक मित्तल को हरियाणा के रोहतक से पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।